देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग ने सोमवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, देहरादून में निर्वाचन आयोग की विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया से अवगत कराना और पात्र मतदाताओं को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की रणनीति तैयार करना था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष हाजी सुलेमान अंसारी ने कहा कि कांग्रेस किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं कटने देगी।
उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान यदि किसी पात्र मतदाता को किसी प्रकार की समस्या आती है तो कांग्रेस कार्यकर्ता उनके साथ खड़े रहेंगे और आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे।
उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक विभाग के कार्यकर्ता प्रदेशभर में घर-घर पहुंचकर मतदाताओं को जागरूक करेंगे, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में पूर्व विधायक मनोज रावत ने कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची से जुड़े विभिन्न प्रपत्रों और प्रक्रियाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नए मतदाता का नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6, जबकि नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 का उपयोग किया जाता है।
उन्होंने मतदाता सूची का नियमित सत्यापन करने, प्रतिदिन प्रकाशित सूचियों पर नजर रखने और निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक आवेदन करने की अपील की।
हाजी सुलेमान अंसारी ने बताया कि एसआईआर प्रक्रिया के दूसरे चरण में यदि किसी मतदाता को नोटिस जारी किया जाता है, तो उसकी सहायता के लिए उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग एक केंद्रीय कंट्रोल रूम भी स्थापित करेगा। इसके माध्यम से प्रभावित मतदाताओं को समय पर मार्गदर्शन और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम में शहजाद अंसारी, अनवर खान, शाहिद खान, जिला अध्यक्ष संजय किशोर, मुर्तजा राव, इलियास अंसारी, पार्षद आशीष वर्मा, सबीना बेगम, कासिम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।