कुमाऊं मंडल को मिलेगी बड़ी सौगात, किच्छा में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान खोलने की तैयारी

कुमाऊं मंडल को धामी सरकार की बड़ी सौगात मिलने वाली है। किच्छा में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान खोलने की तैयारी की जा रही है। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने नई दिल्ली में भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के सचिव से मुलाकात कर ऊधम सिंह नगर में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (All India Institute of Ayurveda – AIIA) की स्थापना के प्रस्ताव पर चर्चा की।

 

सीएस बर्द्धन ने राज्य की ओर से संस्थान की स्थापना के लिए सभी आवश्यक तैयारियों और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी देते हुए उत्तराखंड के प्रस्ताव पर सकारात्मक निर्णय लेने का अनुरोध किया। इस दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि उत्तराखंड आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा की समृद्ध परंपरा वाला राज्य है। ऋषिकेश विश्व की योग राजधानी के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है और राज्य में आयुर्वेद चिकित्सा एवं शिक्षा का मजबूत आधार मौजूद है।

 

सीएस ने कहा राज्य सरकार द्वारा ऊधम सिंह नगर में संस्थान की स्थापना के लिए सभी निर्धारित मानकों के अनुरूप विवाद रहित एवं उपयुक्त भूमि चिन्हित कर भारत सरकार को प्रस्ताव भेजा जा चुका है। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित स्थल राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय संपर्क सुविधाओं से युक्त है। साथ ही, निकट भविष्य में विकसित होने वाले एम्स सैटेलाइट सेंटर के समीप स्थित होने के कारण यह क्षेत्र समेकित चिकित्सा (इंटीग्रेटिव मेडिसिन) के उत्कृष्ट केंद्र के रूप में विकसित होने की व्यापक संभावनाएं रखता है।

 

सीएस ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए भूमि, सड़क, विद्युत, पेयजल, ड्रेनेज सहित सभी आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने आयुष मंत्रालय से उत्तराखंड के प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करते हुए स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया।

 

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तराखंड में AIIA की स्थापना से आयुर्वेद शिक्षा, अनुसंधान, उपचार और चिकित्सा पर्यटन को नई दिशा मिलेगी। साथ ही, उत्तराखण्ड देश में समेकित स्वास्थ्य सेवाओं और आयुष आधारित चिकित्सा के अग्रणी केंद्र के रूप में अपनी पहचान को और अधिक मजबूत करेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *