देहरादून। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में धर्मपुर विधानसभा के बंगाली कोठी चौक पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद छात्रों के संघर्ष और उनकी लोकतांत्रिक जीत के सम्मान में विजय मार्च निकाला गया। मार्च में बड़ी संख्या में छात्र, युवा, अभिभावक और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
विजय मार्च के दौरान प्रतिभागियों ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, छात्रों के अधिकारों की रक्षा करने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने की मांग उठाई। इस दौरान केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में नारे लगाए गए तथा छात्रों के आंदोलन के समर्थन में एकजुटता का प्रदर्शन किया गया।
इस अवसर पर महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार देश के छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई संसद से लेकर सड़क तक लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने छात्रों की आवाज़ को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाया और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सरकार को जवाब देने के लिए मजबूर किया।
ज्योति रौतेला ने कहा कि यह विजय मार्च उन सभी छात्रों के साहस, संघर्ष और एकता को समर्पित है, जिन्होंने अपने भविष्य और अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज़ बुलंद की। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज़ को दबाने के बजाय उसका सम्मान किया जाना चाहिए।
उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि प्रधानमंत्री देश के छात्रों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें, आंदोलन के दौरान छात्रों पर कथित बर्बरता करने वाले पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए तथा आंदोलन में शामिल किसी भी छात्र के खिलाफ किसी प्रकार की दंडात्मक या अनुशासनात्मक कार्रवाई न की जाए।
महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उनके अधिकारों एवं सम्मान की रक्षा के लिए संघर्ष आगे भी पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगा।