देहरादून। देहरादून की बेटी रिया थापा को न्याय दिलाने और छात्रों के अधिकारों की आवाज़ बुलंद करने की मांग को लेकर शनिवार को देहरादून में महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में मशाल जुलूस निकाला गया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं, अभिभावकों और जागरूक नागरिकों ने इसमें भाग लेकर निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था तथा छात्रों के सम्मान की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि यह संघर्ष केवल रिया थापा को न्याय दिलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के प्रत्येक छात्र के भविष्य, पारदर्शी परीक्षा प्रणाली, जवाबदेही और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा और जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलेगा, आंदोलन जारी रहेगा।
इस अवसर पर कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रहे #ChhatronKiGoonj अभियान का भी उल्लेख किया गया। वक्ताओं ने कहा कि यह अभियान अब देशभर के छात्रों की आवाज़ बनता जा रहा है और युवाओं के मुद्दों को मजबूती से उठाने का माध्यम बन रहा है।
मशाल जुलूस में महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष विनीत प्रसाद भट्ट, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष हिमांशु रावत, युवा कांग्रेस महानगर अध्यक्ष तेजस्वी राणा, युवा कांग्रेस महानगर उपाध्यक्ष प्रियांशु गौड़, पार्षद इताद खान, पूर्व पार्षद प्रत्याशी अनिता सकलानी, नरेश सकलानी, आलोक मेहता, बबलू पंवार, आकाश वर्मा, धर्मपुर विधानसभा उपाध्यक्ष गौरव रावत, रायपुर विधानसभा अध्यक्ष अतुल सक्सेना, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, हर्ष राणा, अभिषेक सहित अनेक छात्र, युवा और कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।