देहरादून: उत्तराखण्ड क्रान्ति दल के नेता संजय चौधरी ने कहा कि पार्टी का ‘Vision 2027’ अभियान उत्तराखण्ड की जनता के सुझावों और अपेक्षाओं पर आधारित होगा। उन्होंने कहा कि बालावाला से शुरू हुआ जनसंवाद अभियान अब चरणबद्ध तरीके से प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचाया जाएगा।
नए कार्यालय के उद्घाटन के अवसर पर संजय चौधरी ने कहा कि उत्तराखण्ड क्रान्ति दल केवल चुनावी राजनीति नहीं, बल्कि जनता के बीच रहकर उनके मुद्दों को समझने और उन्हें उठाने की राजनीति में विश्वास रखता है। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान गांव-गांव और वार्ड स्तर तक पहुंचकर लोगों से सीधा संवाद किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि युवाओं के रोजगार, पलायन, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और स्थानीय संसाधनों से जुड़े मुद्दों पर लोगों की राय ली जाएगी और इन्हीं सुझावों के आधार पर पार्टी अपना ‘Vision 2027’ तैयार करेगी। उनका दावा था कि उत्तराखण्ड की जनता एक मजबूत क्षेत्रीय विकल्प चाहती है और UKD उसी दिशा में काम कर रहा है।
कार्यक्रम में केंद्रीय अध्यक्ष सुरेन्द्र कुकरेती समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान संगठन विस्तार और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर भी चर्चा की गई।