परीक्षा पे चर्चा 2026: सीएम धामी बोले– यह अब राष्ट्रीय आंदोलन, परीक्षा जीवन की चुनौती नहीं बल्कि परिपक्वता का पड़ाव

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नेशविला रोड स्थित सेंट एंग्नेस स्कूल में प्रधानमंत्री के परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के 9वें संस्करण में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि परीक्षा पे चर्चा अब केवल एक संवाद कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक राष्ट्रीय आंदोलन बन चुका है, जो छात्रों को तनाव से मुक्त होकर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का संदेश स्पष्ट है—परीक्षा जीवन का एक हिस्सा हो सकती है, लेकिन पूरा जीवन नहीं। उन्होंने अपने स्कूली दिनों के अनुभव साझा करते हुए कहा कि स्कूल का समय अमूल्य होता है, जो दोबारा लौटकर नहीं आता। इसलिए विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और सह-शैक्षणिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहना चाहिए।

 

सीएम धामी ने कहा कि परीक्षा एक अवसर है, जहां छात्र योद्धा की तरह आत्मविश्वास, धैर्य और शांति के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हैं। केवल परीक्षा पास करना ही काबिलियत नहीं, जीवन में अनेक लक्ष्य होते हैं, जिनके लिए संतुलित दृष्टिकोण जरूरी है। उन्होंने छात्रों से लक्ष्य तय कर प्राथमिकताओं के साथ आगे बढ़ने और परीक्षा के दबाव से मुक्त रहकर सकारात्मक सोच अपनाने का आह्वान किया।

 

मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों पर अनावश्यक दबाव न डालें और उनकी तुलना दूसरों से न करें, बल्कि उन्हें प्रोत्साहन और सहयोग दें।

 

परीक्षा पे चर्चा 2026 के तहत देशभर में चार करोड़ से अधिक विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने पंजीकरण कराया है, जिससे पूर्व का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड टूटने जा रहा है। उत्तराखंड से इस वर्ष लगभग 7 लाख विद्यार्थी, 53 हजार से अधिक शिक्षक और 14 हजार से अधिक अभिभावक जुड़े हैं, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या 2 लाख 98 हजार विद्यार्थियों तक सीमित थी।

 

राज्य के विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए 10 प्रेरक वीडियो में से एक वीडियो का राष्ट्रीय स्तर पर चयन हुआ है। यह वीडियो राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पाला कुराली, विकासखंड जखोली, जनपद रुद्रप्रयाग के छात्र रोहन सिंह राणा द्वारा तैयार किया गया है। रोहन सिंह राणा को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में दिल्ली आमंत्रित किया गया है, जो पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है।

 

कार्यक्रम में महानिदेशक शिक्षा दीप्ति सिंह, निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. मुकुल कुमार सती, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *