देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय बजट 2026-27 को देश और राज्यों के समग्र विकास को नई दिशा देने वाला बताया है।
उन्होंने कहा कि यह बजट आर्थिक विकास को गति देने के साथ-साथ सभी वर्गों के लिए नए अवसर पैदा करेगा और सबका साथ-सबका विकास के संकल्प को मजबूत करेगा।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को विकासोन्मुखी और समावेशी बजट के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि बजट में किसानों, महिलाओं, युवाओं, वंचित वर्गों, छोटे उद्यमियों और पिछड़े वर्गों के कल्याण पर विशेष ध्यान दिया गया है।
सीएम धामी ने कहा कि बजट में रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण, उद्योग और अवसंरचना के लिए किए गए प्रावधान पूरे देश के साथ-साथ उत्तराखण्ड के लिए भी अत्यंत लाभकारी सिद्ध होंगे। इससे राज्य के स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बजट में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखण्ड और जम्मू-कश्मीर में पर्यावरण-अनुकूल माउंटेन ट्रेल्स विकसित करने की योजना शामिल है, जो पर्वतीय राज्यों में पर्यटन को बढ़ावा देगी। उत्तराखण्ड के परिप्रेक्ष्य में बजट का पर्यटन और बुनियादी ढांचे पर विशेष फोकस राज्य के विकास के लिए अहम है।
उन्होंने कहा कि किसानों, पशुपालन, उच्च मूल्य कृषि, पर्यटन और MSME से जुड़े बजट प्रावधान उत्तराखण्ड की ग्रामीण और पर्वतीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाएंगे।
साथ ही पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा सुरक्षा, डिजिटल तकनीक और बायोफार्मा क्षेत्र में निवेश से राज्य और देश दोनों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि उत्तराखण्ड सरकार बजट में घोषित योजनाओं और प्रावधानों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए केंद्र सरकार के साथ पूरी तरह सहयोग करेगी।
उन्होंने कहा कि यह बजट न केवल देश की आर्थिक मजबूती बढ़ाएगा, बल्कि उत्तराखण्ड जैसे पर्वतीय राज्यों को भी विकास की मुख्यधारा में समान अवसर प्रदान करेगा।