अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव (संगठन) एवं सांसद के.सी. वेणुगोपाल 9 जुलाई 2026 को दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर देहरादून पहुंचेंगे। इस दौरान वह प्रदेश कांग्रेस संगठन की विभिन्न समितियों, वरिष्ठ नेताओं, जिला एवं महानगर अध्यक्षों तथा अनुषांगिक संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठकें करेंगे।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि ने जानकारी देते हुए बताया कि 9 जुलाई को दोपहर 12 बजे के.सी. वेणुगोपाल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष, केंद्रीय इलेक्शन कमेटी (सीईसी) सदस्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्षों एवं सीडब्ल्यूसी सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद दोपहर 2 बजे प्रदेश कांग्रेस की राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक लेंगे।
उन्होंने बताया कि शाम 4 बजे जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों के साथ बैठक होगी, जबकि शाम 6 बजे पार्टी के अनुषांगिक संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों के साथ संगठनात्मक समीक्षा और आगामी रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
राजीव महर्षि ने बताया कि 10 जुलाई को प्रातः 10 बजे से के.सी. वेणुगोपाल पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे। इसके बाद दोपहर 3 बजे पत्रकार वार्ता को संबोधित करेंगे और तत्पश्चात नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे। उन्होंने कहा कि इस दौरे को संगठनात्मक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिसमें आगामी राजनीतिक गतिविधियों एवं संगठन को मजबूत बनाने को लेकर व्यापक मंथन होगा।